अंबेडकर सर्वश्रेष्ठ लोकतांत्रिक व्यवस्था के शिल्पी:प्रो० डोभाल
ऋषिकेश। 10 मई 2026
श्री देव सुमन उत्तराखंड विश्वविद्यालय के चंद्रबदनी (नैखरी) टिहरी परिसर में दून विश्वविद्यालय की डॉ. आंबेडकर चेयर एवं समाजशास्त्र विभाग द्वारा आयोजित कार्यक्रम में भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर के सामाजिक न्याय, समानता और वंचित वर्गों के सशक्तिकरण संबंधी विचारों पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दून विश्वविद्यालय की डॉ. आंबेडकर चेयर के प्रोफेसर प्रो. हर्ष डोभाल ने कहा कि बाबा साहब आधुनिक भारत के शिल्पी थे और उनकी दूरदर्शी सोच का ही परिणाम है कि भारतीय संविधान आज विश्व की सर्वश्रेष्ठ लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं में गिना जाता है। उन्होंने कहा कि संविधान में समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण और उत्थान के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं, जिनमें दलितों, पिछड़े वर्गों, आदिवासियों और महिलाओं के सामाजिक, शैक्षिक एवं आर्थिक सशक्तिकरण को विशेष महत्व दिया गया है।

प्रो. डोभाल ने कहा कि दून विश्वविद्यालय में स्थापित डॉ. आंबेडकर चेयर राज्य के दलितों, आदिवासियों एवं वंचित वर्गों के सामाजिक-आर्थिक पहलुओं पर शोध और अध्ययन को बढ़ावा देने के साथ-साथ सीमांत क्षेत्रों के विकास का रोडमैप तैयार करने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि इसी उद्देश्य से विभिन्न महाविद्यालयों के शिक्षकों और विद्यार्थियों के साथ संवाद कार्यक्रम संचालित किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि चंद्रबदनी (नैखरी) परिसर राज्य के दूरस्थ क्षेत्रों में स्थित महत्वपूर्ण शिक्षण संस्थानों में से एक है, जहां विद्यार्थियों और शिक्षकों के सहयोग से समाजोपयोगी शोध कार्यों को नई दिशा मिलेगी।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए परिसर निदेशक प्रो. महंथ मौर्य ने कहा कि बाबा साहब का व्यक्तित्व युवाओं सहित समाज के हर वर्ग के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने कहा कि परिसर विद्यार्थियों के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक चेतना को विकसित करने के उद्देश्य से निरंतर विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करता रहता है।
इस अवसर पर प्रेस ट्रस्ट ऑफ इंडिया के वरिष्ठ पत्रकार शिशिर प्रशांत ने कहा कि समाज और शिक्षण संस्थानों में लड़कियों की बढ़ती भागीदारी भारतीय समाज के सकारात्मक परिवर्तन का संकेत है और यह बाबा साहब की दूरदर्शी सोच तथा संविधान की समावेशी भावना का प्रभाव है।
दून विश्वविद्यालय के अधिष्ठाता छात्र कल्याण प्रो. एच. सी. पुरोहित ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए सफल एवं खुशहाल जीवन के लिए सही करियर चयन के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक सोच अपनाने और अपने विषय में गहन अध्ययन कर विशेषज्ञता अर्जित करने की प्रेरणा दी। साथ ही उन्होंने डॉ. आंबेडकर चेयर द्वारा संचालित कार्यक्रमों की सराहना भी की।
कार्यक्रम का संचालन समाजशास्त्र विभाग के प्राध्यापक डॉ. पी. एस. बिष्ट ने किया। इस अवसर पर डॉ. दयाधर दीक्षित, सुरेश कुमार भट्ट, बेदनिधि गुनियाल, डॉ. आशुतोष पांडेय, अनुपमा फोनिया सहित समस्त शिक्षक, कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।

मालदेवता महाविद्यालय में वार्षिक क्रीड़ा बजट पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता में नवप्रवेशित छात्रों का ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम आयोजित
असंतुलित जीवन शैली दुखों का कारण, योग से निवारण: प्रो० नेगी
नरेंद्र नगर महाविद्यालय में स्थापित की जाएगी विवेकानंद और सरस्वती की मूर्तियां
टिहरी राजशाही के विरुद्ध संघर्ष के अग्रदूत श्री देव सुमन की पुण्यतिथि मनाई गई
निर्वाचन पर्यवेक्षकों के लिए आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कॉलेज प्राध्यापकों ने किया प्रतिभाग