मालदेवता महाविद्यालय में वार्षिक क्रीड़ा बजट पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
देहरादून, 5 अगस्त।
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय, मालदेवता (रायपुर), देहरादून में शैक्षिक सत्र 2026–27 के लिए वार्षिक खेलकूद गतिविधियों एवं क्रीड़ा बजट के निर्धारण को लेकर क्रीड़ा समिति की प्रथम बैठक महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो. विनोद प्रकाश अग्रवाल की अध्यक्षता में आयोजित की गई।
बैठक में आगामी शैक्षिक सत्र के दौरान आयोजित की जाने वाली वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिताओं, अंतर-संकाय एवं अंतर-महाविद्यालय प्रतियोगिताओं, खेल सामग्री की खरीद, खिलाड़ियों के नियमित अभ्यास एवं प्रशिक्षण, खेल मैदानों के रखरखाव तथा खेल गतिविधियों से संबंधित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तारपूर्वक विचार-विमर्श किया गया।
क्रीड़ा समिति के प्रभारी डॉ. सुमन सिंह गुसाईं ने आगामी शैक्षिक सत्र हेतु महाविद्यालय के वार्षिक क्रीड़ा बजट का प्रस्ताव समिति के समक्ष प्रस्तुत किया। विस्तृत चर्चा के उपरांत समिति के सभी सदस्यों ने सर्वसम्मति से प्रस्ताव का अनुमोदन करते हुए महाविद्यालय में खेल गतिविधियों के प्रभावी एवं सुव्यवस्थित संचालन के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने पर सहमति व्यक्त की।
बैठक में क्रीड़ा समिति के सलाहकार प्रो. यतीश वशिष्ठ सहित समिति के सदस्य डॉ. डिंपल भट्ट, डॉ. सत्येंद्र ढौंडियाल, डॉ. नवीन रावत एवं डॉ. विनोद शाह उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, खेल प्रतिभाओं के संवर्धन तथा प्रतिस्पर्धात्मक खेल वातावरण के निर्माण हेतु अपने महत्वपूर्ण सुझाव भी प्रस्तुत किए।
अध्यक्षीय उद्बोधन में प्राचार्य प्रो. विनोद प्रकाश अग्रवाल ने कहा कि “खेल हमारे महाविद्यालय की पहचान हैं। गत वर्षों में हमारे खिलाड़ियों ने विभिन्न प्रतियोगिताओं में उल्लेखनीय उपलब्धियां अर्जित कर महाविद्यालय का गौरव बढ़ाया है। हमारा लक्ष्य इन उपलब्धियों को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाना है। क्रीड़ा बजट का उद्देश्य केवल व्यय करना नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के भविष्य और एक सशक्त खेल संस्कृति में निवेश करना है।”
बैठक के अंत में प्राचार्य ने सभी सदस्यों का आभार व्यक्त करते हुए आशा व्यक्त की कि आगामी शैक्षिक सत्र में महाविद्यालय की खेल गतिविधियां नई ऊर्जा और उत्कृष्टता के साथ संचालित होंगी। तत्पश्चात बैठक समाप्ति की घोषणा की गई।

राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता में नवप्रवेशित छात्रों का ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम आयोजित
असंतुलित जीवन शैली दुखों का कारण, योग से निवारण: प्रो० नेगी
नरेंद्र नगर महाविद्यालय में स्थापित की जाएगी विवेकानंद और सरस्वती की मूर्तियां
टिहरी राजशाही के विरुद्ध संघर्ष के अग्रदूत श्री देव सुमन की पुण्यतिथि मनाई गई
निर्वाचन पर्यवेक्षकों के लिए आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कॉलेज प्राध्यापकों ने किया प्रतिभाग
अनिल कुमार त्यागी बने मुख्य अग्निशमन अधिकारी, SSP नवनीत सिंह ने कंधों पर स्टार लगाकर किया अलंकृत