कला संकाय बना चैंपियन, अंतर-संकाय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन
ऋषिकेश। 12 अप्रैल 2026
——————-
देहरादून। राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता रायपुर में आयोजित अंतर-संकाय सांस्कृतिक प्रतियोगिताओं में कला संकाय ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए चैंपियनशिप ट्रॉफी अपने नाम कर ली। प्रतियोगिताएँ 7 से 10 अप्रैल तक आयोजित की गईं, जिनमें कला, विज्ञान, वाणिज्य एवं गृहविज्ञान संकाय के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

वार्षिकोत्सव समारोह में प्राचार्य प्रो. विनोद प्रकाश अग्रवाल ने शनिवार को परिणामों की घोषणा करते हुए बताया कि कला संकाय प्रथम, गृहविज्ञान द्वितीय तथा विज्ञान संकाय तृतीय स्थान पर रहा।
समारोह के मुख्य अतिथि उमेश शर्मा, अति विशिष्ट अतिथि प्रो. आनंद सिंह उनियाल तथा विशिष्ट अतिथि सरोजनी जवाड़ी रहे। अतिथियों ने विजेता प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलन से हुआ। छात्रा वंदना राही ने सरस्वती वंदना एवं स्वागत गीत प्रस्तुत किया। सांस्कृतिक समिति की संयोजक डॉ. अनीता चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया।

चार दिनों तक चली प्रतियोगिताओं में प्रश्नोत्तरी, भाषण, काव्य पाठ, पोस्टर, रंगोली, स्केचिंग, समूह एवं एकल गायन, नृत्य, लघु नाटिका और पारंपरिक परिधान जैसी विभिन्न विधाओं में प्रतिभागियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
मुख्य अतिथि ने अपने संबोधन में महाविद्यालय की प्रगति की सराहना करते हुए कहा कि यह संस्थान निरंतर विकास की नई ऊँचाइयों को छू रहा है। वहीं, प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों, प्राध्यापकों एवं कर्मचारियों के सहयोग को कार्यक्रम की सफलता का श्रेय दिया।
अंत में डॉ. अनीता चौहान ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया।

मालदेवता महाविद्यालय में वार्षिक क्रीड़ा बजट पर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित
राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मालदेवता में नवप्रवेशित छात्रों का ‘दीक्षारंभ’ कार्यक्रम आयोजित
असंतुलित जीवन शैली दुखों का कारण, योग से निवारण: प्रो० नेगी
नरेंद्र नगर महाविद्यालय में स्थापित की जाएगी विवेकानंद और सरस्वती की मूर्तियां
टिहरी राजशाही के विरुद्ध संघर्ष के अग्रदूत श्री देव सुमन की पुण्यतिथि मनाई गई
निर्वाचन पर्यवेक्षकों के लिए आयोजित अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में कॉलेज प्राध्यापकों ने किया प्रतिभाग