71.61 लाख से संवरा मोहनचट्टी आयुर्वेदिक चिकित्सालय, पौड़ी जिले का पहला आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर बना
यमकेश्वर।
यमकेश्वर विकासखंड के मोहनचट्टी स्थित राजकीय आयुर्वेदिक चिकित्सालय अब नए रूप में सामने आया है। 71.61 लाख रुपये की लागत से इसे पौड़ी जिले के पहले आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर के रूप में विकसित किया गया है। मंगलवार को जिलाधिकारी पौड़ी स्वाति एस भदौरिया एवं विधायक रेनू बिष्ट ने इसका लोकार्पण किया।

लोकार्पण के दौरान अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में विधायक रेनू बिष्ट ने केंद्र का शुभारंभ कर सुविधाओं का निरीक्षण किया।
जिला योजना के तहत विकसित इस केंद्र में आधुनिक योग हॉल, पंचकर्म कक्ष और हर्बल गार्डन तैयार किए गए हैं। चिकित्सालय परिसर को पहाड़ी वास्तुशैली में संवारा गया है, जो पर्यटकों को भी आकर्षित कर रहा है।
हर्बल गार्डन में औषधीय पौधे लगाकर उनके गुणों और उपयोग की जानकारी भी दी जाएगी। इससे लोग आयुर्वेद के प्रति और ज्यादा जागरूक होंगे।

ये मिलेंगी सुविधाएं
केंद्र में अब ये पारंपरिक उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी –
अभ्यंग,स्वेदन,शिरोधारा,मर्म थेरेपी,अग्निकर्म,कपिंग थेरेपी
इन सुविधाओं से जहां स्थानीय लोगों को आयुर्वेदिक उपचार मिलेगा, वहीं बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी वेलनेस और योग का लाभ मिलेगा।
ऋषिकेश से करीब 20 किलोमीटर दूर स्थित मोहनचट्टी में इस केंद्र के शुरू होने से स्थानीय लोगों के साथ क्षेत्र में आने वाले पर्यटकों, रिजॉर्ट, कैंप और होमस्टे संचालकों को भी लाभ मिलने की उम्मीद है।
मोहनचट्टी, घट्टूगाड़ बैरागढ़ पहले से ही कैंपिंग और प्रकृति पर्यटन के लिए प्रसिद्ध है। अब आयुर्वेदिक वेलनेस सेंटर शुरू होने से यहां वेलनेस पर्यटन को भी नई उड़ान मिलेगी।

केंद्र के शुरू होने से क्षेत्र में आयुर्वेदिक वेलनेस पर्यटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा मिलेगा। स्थानीय युवाओं को योग, पंचकर्म, हर्बल गार्डन और पर्यटन से जुड़े रोजगार के नए अवसर मिलेंगे।
ग्रामीण सुभाष जुगरान, विनोद जुगरान का कहना है कि मोहनचट्टी अब सिर्फ पर्यटन ही नहीं, बल्कि स्वास्थ्य और आयुर्वेद का भी बड़ा केंद्र बनेगा।

नरेंद्रनगर महाविद्यालय में वाणिज्य परिषद का गठन
रायपुर कॉलेज ने कुमांलड़ा में गंगा उत्सव कार्यक्रम का आयोजन
अपनी रुचि, योग्यता और क्षमता पहचानकर चुनें करियर की राह- प्रो. प्रीति
नरेंद्र नगर महाविद्यालय की करियर काउंसलिंग सेल ने डिबेट प्रतियोगिता आयोजित की
गृह विज्ञान संकाय में विभागीय परिषद का गठन
डिजिटल मीडिया साक्षरता पर पत्रकारिता विभाग में कार्यशाला आयोजित