सीडीओ पौड़ी गिरीश गुणवंत ने किया आउटलेट का उद्घाटन।

यमकेश्वर। सुदीप कपरूवान। 20 सितम्बर 2025.
विकासखण्ड यमकेश्वर के ग्राम पंचायत मराल के घट्टूगाड़ में स्वयं सहायता समूहों के आउटलेट का उद्घाटन शनिवार को मुख्य विकास अधिकारी गिरीश गुनवन्त द्वारा किया गया।

इस मौके पर दुर्गा भवानी स्वयं सहायता समूह, जय मां भुवनेश्वरी स्वयं सहायता समूह तथा विकास स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा संचालित विभिन्न आजीविका गतिविधियों का प्रदर्शन किया गया। समूह की महिलाओं ने विस्तार से बताया कि किस प्रकार उन्होंने प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया है।

इन समूहों की महिलाएं फिनाइल निर्माण, हैंडवॉश, टॉयलेट क्लीनर, ग्लास क्लीनर, फ्लोर फ्रेशनर, हर्बल एवं ब्यूटी सोप (नीम, एलोवेरा, हल्दी), ग्लिसरीन आदि उत्पाद तैयार कर रही हैं। इन उत्पादों को ग्रामीण एवं शहरी बाजारों में बिक्री हेतु उपलब्ध कराया जा रहा है। अब तक समूहों की महिला सदस्याएं लगभग ₹50,000 तक की बिक्री कर चुकी हैं।

वर्तमान में समूह की सक्रिय सदस्याएं के रूप में रोशनी देवी, रजनी देवी, सीता देवी व रेखा देवी निरंतर उत्पादन एवं विपणन कार्य में लगी हैं। इनका कहना है कि इस पहल से न केवल उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हुई है बल्कि आत्मनिर्भर बनने का आत्मविश्वास भी मिला है।

मुख्य विकास अधिकारी ने कहा कि स्वयं सहायता समूह ग्रामीण महिलाओं के लिए आजीविका का सशक्त माध्यम बन रहे हैं। जब महिलाएं संगठित होकर स्वरोजगार की दिशा में कार्य करती हैं तो उनका आत्मविश्वास बढ़ता है और वे समाज व परिवार की आर्थिक रीढ़ बनती हैं।
इस प्रकार के उत्पाद आज की आवश्यकता हैं क्योंकि ये स्थानीय स्तर पर निर्मित, किफायती और गुणवत्तापूर्ण हैं। जिला प्रशासन द्वारा इन समूहों को हर संभव सहयोग प्रदान किया जाएगा ताकि उनके उत्पाद व्यापक स्तर पर बाजार में उपलब्ध हो सकें और अधिक से अधिक महिलाएं इससे लाभान्वित हो सकें। कहा कि ऐसे प्रयास ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती देने और महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण मील का पत्थर साबित होंगे।

घट्टू गाड के स्थानीय जन प्रतिनिधियों ने मुख्य विकास अधिकारी को भूस्खलन की जद में आए घट्टू गाड विद्यालय के लिए भूमि चयन के लिए पत्र सौंपा।
घट्टू गाड क्षेत्र के ग्रामीणों ने बताया कि अभी दोनों विद्यालय ग्रामीणों के घरों में संचालित हो रहे हैं। रविन्द्र सिंह रावत ने बताया कि कई वर्षों से बरसात के समय विद्यालय संचालन में दिक्कतें होती हैं।

इस अवसर पर बीडीओ दृष्टि आनंद,रजनी बिष्ट,रविन्द्र सिंह रावत,लोकेश कुमार,रजनी देवी,रेखा देवी,सीता देवी,रोशनी देवी,सुनीता देवी,नीता देवी,शकुन्तला देवी,अंजू देवी,कुशमा देवी आदि उपस्थित थे।

भालू के हमले में महिला घायल, बढ़ते हमलों से लोग दहशत में।
स्वस्थ नारी सशक्त परिवार का संदेश लेकर संपन्न हुआ पोषण जागरूकता कार्यक्रम।
नरेंद्र नगर महाविद्यालय में अर्थशास्त्र और मनोविज्ञान विभाग द्वारा विभागीय परिषद का गठन।
राजकीय महाविद्यालय बिथ्याणी में कार्यशाला का आयोजन।
मालदेवता पी जी कॉलेज में ओपन एक्सेस पब्लिकेशन पर व्याख्यान।
प्रोफेसर किरण डंगवाल, डॉ सर्वपल्ली राधाकृष्णन सम्मान 2025 से विभूषित।